उत्तराखंडदेहरादून

“प्लास्टिक से पुण्य” अभियान लॉन्च, चारधाम यात्रा बनेगी स्वच्छता का संकल्प

चारधाम यात्रा को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। ‘प्लास्टिक से पुण्य’ नाम से शुरू हुआ यह अभियान अब आस्था को स्वच्छता से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।अभियान की प्रमुख प्रेरक डॉ. आरूषि निशंक का कहना है कि देवभूमि उत्तराखंड को प्लास्टिक मुक्त बनाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए खास तौर पर युवाओं से जुड़ने की अपील की जा रही है, ताकि यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सके।
चारधाम यात्रा में हर साल बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के साथ प्लास्टिक प्रदूषण भी एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि यात्रियों को जिम्मेदारी का संदेश भी देगा—कि यात्रा केवल दर्शन नहीं, बल्कि सेवा और संरक्षण का माध्यम भी बने।इस पहल के तहत चारधाम मार्गों पर प्लास्टिक कलेक्शन बूथ लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु प्लास्टिक जमा कर “पुण्य पॉइंट्स” हासिल कर सकेंगे। साथ ही डिजिटल ट्रैकिंग और सर्टिफिकेट की व्यवस्था भी की गई है। एकत्रित प्लास्टिक को रीसायकल कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ाए जाएंगे।डॉ. आरूषि निशंक ने इसे केवल एक पर्यावरण अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा आंदोलन बताया। उनका कहना है कि यह पहल प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन को आस्था के साथ जोड़ने का एक प्रयास है।ऐसे में माना जा रहा है कि चारधाम में बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने की दिशा में यह अभियान एक बड़ा और प्रभावी कदम साबित हो सकता है।