19 मई को करेंगे सचिवालय कूच
:उत्तराखंड में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट युवाओं की उपेक्षा को लेकर नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए स्पष्ट सेवा नियमावली, पद सृजन और भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो 19 मई को सचिवालय कूच के साथ अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।देहरादून के उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य गठन के 26 साल बाद भी मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्टों के लिए कोई ठोस नीति लागू नहीं हो सकी है। जबकि प्रदेश में लंबे समय से बीएससी मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी कोर्स संचालित हो रहा है और हर साल बड़ी संख्या में छात्र पास हो रहे हैं, लेकिन सरकारी स्तर पर रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं।संगठन का आरोप है कि आईपीएचएस 2012 मानकों के अनुसार पद सृजन और सेवा नियमावली का प्रस्ताव तैयार होने के बावजूद शासन स्तर पर उसे लगातार ठंडे बस्ते में डाला गया। वहीं सरकारी लैब्स को निजी कंपनियों के माध्यम से संचालित करने से स्थायी रोजगार के अवसर खत्म हो रहे हैं।पदाधिकारियों ने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में लैब तकनीशियनों की भारी कमी है, जिससे लोगों को छोटी जांचों के लिए भी दूर-दराज जाना पड़ता है। संगठन ने मांग की है कि रिक्त पदों को वर्षवार मेरिट के आधार पर पारदर्शी तरीके से भरा जाए और ओवरएज अभ्यर्थियों को एकमुश्त आयु में छूट दी जाए।
