भारतीय जनता युवा मोर्चा ने एसएसपी देहरादून को सौंपा नशा मुक्ति अभियान संबंधी ज्ञापन
भारतीय जनता युवा मोर्चा, 21 कैंट विधानसभा के माँ नंदा देवी मण्डल के अध्यक्ष श्री अनुराज क्षेत्री ने आज मण्डल महामंत्री श्री आकाश सिंह एवं मण्डल उपाध्यक्ष श्री पुनीत बग्गा के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून से शिष्टाचार भेंट कर जनजागरूकता एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से एक ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर श्री अनुराज क्षेत्री ने अवगत कराया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा की टीम निरंतर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, बस्तियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुँचकर युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक “नशा मुक्त भारत” जनजागरण अभियान संचालित कर रही है। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण एवं सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
श्री क्षेत्री ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए इसके विरुद्ध जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता एवं प्रशासन के साथ समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा ने देहरादून पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रभावी अभियानों एवं पुलिस प्रशासन द्वारा समय-समय पर प्राप्त सकारात्मक सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवा मोर्चा और देहरादून पुलिस के संयुक्त प्रयास भविष्य में भी समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाते रहेंगे।
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने संकल्प दोहराया कि संगठन भविष्य में भी जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रहित, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करता रहेगा तथा नशे के विरुद्ध अपनी मुहिम को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करेगा।
