उत्तराखंडउत्तराखंड सरकारदेहरादूनराजनीति

उत्तराखंड में दिनदहाड़े हुई आपराधिक घटना को लेकर प्रदेश की सियासत गरमाई

उत्तराखंड में दिनदहाड़े हुई आपराधिक घटना को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं और आरोप लगाया है कि सरकार अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है। वहीं बीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।बीजेपी की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों की सबसे बड़ी प्राथमिकता कानून व्यवस्था को मजबूत रखना रही है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में लंबे समय तक बीजेपी की सरकार रही है, वहां कानून व्यवस्था बेहतर रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए गुजरात, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का जिक्र किया।दीप्ति रावत ने कहा कि कुछ घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण जरूर होती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कानून व्यवस्था कमजोर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और न ही उन्हें खुली छूट दी जाएगी।उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।