प्रधानमंत्री और उनके परिवार पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण, विधायक माफी मांगें-बिट्टू कर्नाटक
भाजपा नेता एवं पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने द्वाराहाट विधायक द्वारा प्रधानमंत्री एवं उनके परिवार को लेकर दिए गए वक्तव्य को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा देश के प्रधानमंत्री और उनके परिवार के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना निंदनीय है।
बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने पद की गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयान समाज में गलत संदेश देते हैं और राजनीतिक वातावरण को दूषित करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का पद सर्वोच्च संवैधानिक पदों में से एक है और इस पद पर आसीन व्यक्ति के प्रति सम्मान बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने द्वाराहाट विधायक से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी टिप्पणियों से जनता की भावनाएं आहत हुई हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि जनता विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा चाहती है, न कि इस प्रकार की व्यक्तिगत और अभद्र टिप्पणियां।
